एकलव्य स्टेडियम में धूमधाम से हुआ जेपीएल का आगाज
विधानसभा स्तर पर गठित 10 टीमें दिखाएंगी खेल प्रतिभा
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में बुधवार को विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में जौनपुर प्रीमियर लीग 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में विभिन्न टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में जर्सी लॉन्च, ट्रॉफी अनावरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जौनपुर प्रीमियर लीग का आयोजन जौनपुर नं. 1 की पहल पर पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह द्वारा किया जा रहा है। समारोह में जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच देने, विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने और जौनपुर को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का संकल्प लिया गया। आयोजन में विधानसभा स्तर पर गठित कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया।
उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि कभी समाज में यह कहावत प्रचलित थी कि “खेलोगे कूदोगे तो होगे खराब”, लेकिन समय के साथ यह धारणा पूरी तरह बदल गई है अब खेलोगें तो खिलोगे हो गया है। आज खेल लोगों की किस्मत बदल रहा है और युवाओं के लिए खेल एक सम्मानजनक करियर का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि जेपीएल विश्वविद्यालय और खेल के बीच मजबूत जुड़ाव का माध्यम बनेगा। इस आयोजन से विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा आएगी और उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन अवसर पर जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल ने जौनपुर प्रीमियर लीग के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जौनपुर को नंबर एक जिला बनाने के लिए अभिषेक सिंह द्वारा की गई पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मंच से जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की यह एक अच्छी शुरुआत है।
जौनपुर प्रीमियर लीग के संयोजक अभिषेक सिंह ने कहा कि लीग का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि जौनपुर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही अवसर और उचित मार्गदर्शन देने की है।उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जौनपुर के प्रत्येक क्षेत्र की प्रतिभा सामने आए। विधानसभा स्तर पर कुल 10 टीमों का गठन इसी उद्देश्य से किया गया है, ताकि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक साथ खेलने और अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिले।
अभिषेक सिंह ने कहा कि जेपीएल के माध्यम से खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ आपसी सहयोग और भाईचारे को भी बढ़ावा दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के इनडोर स्टेडियम को आयोजन के लिए उपलब्ध कराने पर उन्होंने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति प्रो. आर.के. सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न टीमों के कप्तानों के आगमन से हुई। इसके बाद सभी टीमों की जर्सी का अनावरण किया गया। एकलव्य स्टेडियम में खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह खेलमय नजर आया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी आत्म प्रकाशधर द्विवेदी, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. राहुल राय, वैभव सिंह, सुरेन्द्र, रजनीश सिंह, राधेश्याम सिंह समेत शिक्षकगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।