निस्तारण कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे: डीएम
जौनपुर। कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में सोमवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। उन्होने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। अधिकारी जरूरत पड़ने पर मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। संयुक्त जांच वाले मामलों में संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से कार्रवाई करें। सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। भूमि विवाद, पैमाइश, नामांतरण और कब्जे जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। कुल 46 शिकायतें आईं, जिनमें पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान एसडीएम सदर योगिता सिंह, तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।