भाई पर ताला काटकर मकान पर कब्जा का आरोप
जौनपुर। थाना गौराबादशाहपुर अन्तर्गत स्थित ग्राम लुरखुरी जमुवारी में पैतृक घर के विवाद में पीड़ित ने सगे भाई पर गुंडई से मकान का ताला ग्राइंडर मशीन से जबरदस्ती काटने और उसमें रखे लाखो रूपये का सामान उठा ले जाने की शिकायत की है। पीड़ित का आरोप है कि यह पूरी घटना डायल 112 पुलिस की मौजूदगी और विपक्षियों की मिलीभगत से हुई है। पीड़ित ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित प्रकाश यादव ने प्रार्थना पत्र में बताया है कि उनका अपने सगे भाई रामआसरे यादव के साथ संपत्ति का विवाद चल रहा है। इस मामले में उपजिलाधिकारी केराकत और दीवानी न्यायालय के मुंसिफ शाहगंज में बंटवारे का मुकदमा चल रहा है। जिसके चलते विवादित मकान के एक हिस्से पर कई महीनों से पीड़ित का ताला लगा हुआ था। आरोप है कि बीते 10 अगस्त की दोपहर मदनलाल यादव, अखिलेश चन्द यादव, रामआसरे यादव और उसके परिवार के अन्य सदस्यों अनुज, सोनम उर्फ सोनी, उर्मिला देवी, नीलू यादव ने चार अज्ञात बदमाशों के साथ मिलकर पूरी योजना के तहत मकान पर धावा बोल दिया। इस दौरान बदमाशों ने ग्राइंडर मशीन से दरवाजे के ताले और सिकड़ी काट दिए तथा घर के अंदर रखा लाखों रुपये का सारा सामान गठ्ठर में बांधकर उठा ले गए। घटना के अगले दिन शिकायत देने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उलटा पीड़ित को प्रार्थना पत्र वापस लेने की धमकियां दी जा रही हैं।