खेला होबे की तर्ज पर यूपी में खेला होई, सपा नेताओं ने गरमाया नारा, दीवारों पर लगाया पोस्टर
खेला होबे की तर्ज पर यूपी में खेला होई, सपा नेताओं ने गरमाया नारा, दीवारों पर लगाया पोस्टर
वाराणसी । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान ममता बनर्जी का नारा खेला होबे का भोजपुरी वर्जन इन दिनों यूपी में गरमा रहा है। सपा नेताओं ने खेला होबे की तर्ज पर खेला होई का नारा दे दिया है। वाराणसी कानपुर तक सपा नेताओं ने दीवारों और पोस्टरों के जरिये खेला होई को परवान चढ़ाना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि यूपी में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने 'खेला होई' को भी अपना नारा बनाने का मूड बना लिया है। सबसे पहले यह प्रयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दिखाई दिया। यहां शहर उत्तरी के पूर्व सपा विधायक अब्दुल समद अंसारी ने अपने घर की दीवार पर इसे लिखवाया। पूर्व विधायक ने अपने मकबूल आलम रोड स्थित घर की दीवारों पर सपा के चुनाव चिह्न साइकिल के चित्र के साथ खेला होई के नारे लिखवा दिए। दीवार पर लिखवाया गया है कि उम्मीद की साइकिल-2022 में खेला होई। सपा के पूर्व विधायक ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल में चमत्कारी साबित हुआ खेला होबे का नारा पूरे भारत में मशहूर है। उन्होंने कहा कि इस नारे को जनता का प्यार मिल रहा है। पूर्व विधायक ने राज्य में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता बीजेपी सरकार से तंग आ चुकी है। महंगाई आसमान छू रही है। अस्पतालों में इलाज और दवा नहीं है। कोरोना ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। किसान, जवान और युवाओं के साथ ज्यादती हुई है। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।