सामान चोरी कर दुकान में तालाबन्दी का आरोप
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र में फास्ट फूड की दुकान संचालित करने वाले एक दुकानदार ने दुकान से नकदी और सामान चोरी किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जफराबाद थाना क्षेत्र के नाथूपुर गांव निवासी त्रिलोकी नाथ प्रजापति ने थाना लाइन बाजार में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि वह पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से लाइन बाजार क्षेत्र में फास्ट फूड की दुकान संचालित कर रहे हैं। दुकान से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद एक व्यक्ति द्वारा लगातार दुकान खाली कराने और जान से मारने की धमकी दी जाती रही है। आरोप है कि 3 जून की रात लगभग 11 बजे उसकी दुकान से गैस सिलेंडर, सीसीटीवी कैमरा सेट, अन्य सामान तथा दुकान में रखी लगभग 75 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। अगले दिन दुकान खोलने पर चोरी की जानकारी हुई। उनका यह भी कहना है कि घटना के बाद दुकान के शटर पर ताला लगा दिया गया था। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।