मारपीट में एक की मौत, चार लोग घायल
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में बुधवार की रात भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। कौली गांव निवासी 48 वर्षीय अजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू का पड़ोसी दानबहादुर शर्मा और तेजबहादुर शर्मा समेत अन्य लोगों से जमीन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि हमले में अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अजय के घायल होने की सूचना मिलने पर उनके रिश्तेदार एवं पड़ोसी गांव के निवासी अखिलेश सिंह, हिमांशु सिंह, शिवम सिंह और आकृति सिंह भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर जुटे ग्रामीणों ने सभी घायलों को तत्काल नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अजय कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।